जिला सैनिक बंधु बैठक में 11 प्रकरणों पर सुनवाई, शीघ्र निस्तारण के निर्देश
देवरिया उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला सैनिक बंधु की बैठक शुक्रवार को नवीन सभागार, कलेक्ट्रेट देवरिया में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डा.) सुधाकर त्यागी ने की। बैठक में स्टेशन हेडक्वार्टर गोरखपुर के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने भूतपूर्व सैनिकों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु जिला प्रशासन की ओर से विधिसम्मत हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके अनुपालन की स्थिति जानी गई। बैठक में कुल 11 भूतपूर्व सैनिक एवं उनके परिजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपस्थित हुए। इस दौरान 11 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें भूमि विवाद, न्यायालय में लंबित प्रकरण, शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण, अवैध भूमि कब्जा, रास्ता विवाद, भूमि पैमाइश एवं कब्जा जैसे गंभीर विषय शामिल थे।