सावधान! देवरिया में आजीविका समूह की महिलाओं से 15 हजार के नाम पर ठगी, झांसे में न आएं
देवरिया में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का एक नया तरीका सामने आया है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा महिलाओं के बीच यह अफवाह फैलाई जा रही है कि बिहार सरकार की तर्ज पर अब अन्य राज्यों में भी समूह की महिलाओं को सरकार की ओर से 15,000 रुपये की राशि दी जा रही है। बिना रसीद हो रही धन उगाही जानकारी के अनुसार, ठगों का एक गिरोह गांवों में सक्रिय है जो महिलाओं से इस कथित योजना का 'फॉर्म' भरवाने के नाम पर मोटी रकम वसूल रहा है। महिलाओं को विश्वास में लेने के लिए उन्हें बड़े लाभ का लालच दिया जाता है और बिना किसी आधिकारिक सरकारी दस्तावेज के उनसे पैसे लिए जा रहे हैं। अधिकारियों ने क्या कहा? आधिकारिक तौर पर इस तरह की किसी भी योजना की पुष्टि नहीं की गई है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकार जब भी कोई वित्तीय सहायता प्रदान करती है, तो उसकी सूचना सीधे ब्लॉक या जिला कार्यालय के माध्यम से आधिकारिक कैडरों (जैसे बीपीएम या बैंक सखी) को दी जाती है।