पेट दर्द हुआ तो अल्ट्रासाउंड ने खोली कहानी, किशोरी से चार नाबालिगों ने की दरिंदगी
यूपी के देवरिया में डर से दो माह तक रही चुप,
............
यूपी के देवरिया जिले के लार थाना इलाके के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी से गांव के ही चार नाबालिगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात पिछले साल नवंबर की है, पर दुष्कर्म का पता शुक्रवार को तब चला जब किशोरी के पेट में दर्द उठा और अल्ट्रासाउंड जांच कराई गई। जांच में किशोरी लगभग दो महीने की गर्भवती मिली। इसके बाद पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही चारों नाबालिगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और देर रात दो आरोपियों को घर से हिरासत में ले लिया। दो आरोपी फरार हैं।लार थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ घर पर रहती है। पिता कहीं बाहर काम करते हैं। किशोरी गांव के ही जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है।
...........
'चार नाबालिग लड़के उसे अगवा कर एक घर में ले गए'
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पिछले साल नवंबर में गांव के ही चार नाबालिग लड़के उसे अगवा कर एक घर में ले गए और वहां सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वह घर आरोपियों में से एक का था। इसके बाद आरोपियों ने किसी से कहने पर जान से मारने की धमकी दी।
.........
करीब दो महीने की गर्भवती है किशोरी
इससे किशोरी ने डरकर चुप्पी साध ली। शुक्रवार को किशोरी के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया। उसने मां को यह बात बताई तो वह उसे एक निजी अस्पताल ले गईं, जहां जांच में पता चला कि वह करीब दो महीने की गर्भवती है। यह सुनते ही मां चौंक गईं। उन्होंने उससे पूछा तो उसने नवंबर में उसके साथ हुई घटना की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद पीड़िता की मां ने इसकी जानकारी पुलिस को फोन पर दी। देर शाम पुलिस पीड़िता के घर पहुंची और मामले की जानकारी लेकर चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की।
इसके बाद वारदात स्थल की जांच की और देर रात दो आरोपियों को उनके घर से ही दबोच लिया। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर गांव के ही चार किशोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

Comments
Post a Comment